सुपौल। बाकीपुर विधानसभा में जन स्वराज की जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जीत की खुशी में जन स्वराज के सुपौल जिला अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में जिले के विभिन्न प्रखंडों में विजय जुलूस निकाला जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को विजय जुलूस प्रतापगंज प्रखंड के सुखानगर चौक पहुंचा, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया।
सुखानगर चौक पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी और पार्टी के समर्थन में नारे लगाए। जुलूस में पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिला।
कार्यकर्ताओं के लिए सुखानगर चौक पर भोजन की भी व्यवस्था की गई थी। जन स्वराज राज्य सलाहकार समिति के सदस्य धरणीधर सिंह की ओर से कार्यकर्ताओं के लिए भोजन का इंतजाम कराया गया। कार्यकर्ताओं ने एक साथ भोजन कर जीत की खुशी साझा की।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने कहा कि बिहार की जनता अब जाग चुकी है। बीजेपी के गढ़ माने जाने वाले बाकीपुर विधानसभा में जनता ने जन स्वराज को जीत दिलाकर बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और बदलाव की इच्छा का परिणाम है तथा आने वाले समय में जन स्वराज बिहार में और मजबूत होगा।
उन्होंने जीत के लिए क्षेत्र की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, एकजुटता और समर्पण से यह सफलता मिली है। वहीं, धरणीधर सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता ने पार्टी को नई मजबूती प्रदान की है। विजय जुलूस के दौरान सुखानगर चौक सहित आसपास के क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

कोई टिप्पणी नहीं