सुपौल। भूकंप सुरक्षा सप्ताह के तहत बिहार राज्य आपदा प्रबंधन विभाग बिहार एवं विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग बिहार पटना के संरक्षण में राजकीय पॉलीटेक्निक राघोपुर के द्वारा जन-जागरुकता हेतु राघोपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत करजाईन बाजार में पैदल मार्च कर किया गया। बिहार की भूकंप संवेदनशीलता-पूर्व तैयारी एवं शमन के उपाय विषय पर व्याख्यान एवं क्विज आदि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय सुपौल के प्रो ओम प्रकाश सिंह थे। कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्य विद्यानंद यादव एवं संस्थान के व्याख्याताओं के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्राचार्य श्री यादव के द्वारा भूकम्प सुरक्षा सप्ताह को सरकार के द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रम को अति सराहनीय बताया। क्योंकि सुपौल जिला जोन 5 के अत्यंत खतरनाक जोन में आता है। साथ ही बिहार राज्य के अधिकतर जिले खतरनाक जोन में आते हैं।
मुख्य अतिथि श्री सिंह के द्वारा विस्तृत रूप से भूकंपरोधी भवन निर्माण एवं कई तकनीकी पहलुओं पर व्याख्यान दिया गया। साथ ही भूकंप से पहले की तैयारी, भूकंप के समय हमें क्या करना चाहिए एवं भूकंप के बाद क्या करना चाहिए के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। व्याख्यान के बाद पॉलीटेक्निक संस्थान के असैनिक अभियंत्रण विभाग के व्याख्याता पुरुषोत्तम कुमार, राजीव कुमार, राहुल कुमार चौधरी, विनय कुमार चौधरी एवं आशीष नारायण केशव के द्वारा क्विज कार्यक्रम कराया गया। क्विज कार्यक्रम में भूकंप के तरंगों एवं और उसके विनाशकारी प्रभावों, पूर्व में बिहार में आई प्रमुख भूकंप के साथ ही भूकंप के समय बरतने वाली सावधानी आदि पर प्रश्नोतरी की गई। उपरोक्त क्विज में प्रथम स्थान विकास चौबे एवं उनके साथी ने हासिल किया। कार्यक्रम का समापन संबोधन अंग्रेजी विभाग के व्याख्याता अजीत कुमार झा ने किया। उन्होंने प्राचार्य एवं ओम प्रकाश सिंह को विशेष आभार प्रकट किया। साथ ही उपस्थित सेमिनार हॉल में सभी छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।


कोई टिप्पणी नहीं