सुपौल। जिले के परसा गांव में रविवार को बुद्धा चाइल्ड हॉस्पिटल, सुपौल के तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन परसा वार्ड संख्या-1 निवासी एवं पीडीएस विक्रेता मो. मुमताज के आवासीय परिसर में किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विद्यासागर, डॉ. तारिक अनवर एवं डॉ. कैलाश कुमार सहित स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने करीब 70 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान मरीजों की लिवर फंक्शन टेस्ट (एलएफटी) और ब्लड शुगर की जांच भी नि:शुल्क की गई।
जांच के उपरांत चिकित्सकों ने मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक परामर्श दिया और संतुलित आहार, नियमित व्यायाम तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। साथ ही किसी भी बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।
शिविर के दौरान जरूरतमंद मरीजों के बीच नि:शुल्क दवाओं का भी वितरण किया गया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित होने से उन्हें बिना किसी आर्थिक बोझ के विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच और परामर्श की सुविधा मिल रही है।
इस अवसर पर अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी निर्मल कुमार, मो. इस्लाम, प्रकाश कुमार, मो. कुर्बान, रीता कुमारी सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं