Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

वीरपुर पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, 50 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार


सुपौल। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वीरपुर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 50 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी, इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, मोबाइल फोन और एक बाइक भी जब्त की है।

एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने रविवार को थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुप्त सूचना मिली थी कि भगवानपुर वार्ड संख्या-04 स्थित एक घर में मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर प्रभारी थानाध्यक्ष जैनेंद्र कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर छापेमारी की गई।

पुलिस ने भगवानपुर निवासी राम कुमार के घर के पीछे बने झोपड़ीनुमा कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान लकड़ी की टेबल के दराज में रखी पॉलीथीन से 34 ग्राम तथा एक पीतल के बर्तन से 16 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इस प्रकार कुल 50 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) जब्त की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1,920 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, सिल्वर पेपर का रोल, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल (BR-38Z-0926) भी बरामद किया। पुलिस के अनुसार इन सामानों का उपयोग मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में किया जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. आजाद (22 वर्ष), वार्ड संख्या-06 तथा राम कुमार (24 वर्ष), वार्ड संख्या-04, भगवानपुर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ वीरपुर थाना कांड संख्या-264/26 दर्ज कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

इस सफल अभियान में प्रभारी थानाध्यक्ष जैनेंद्र कुमार झा, सब-इंस्पेक्टर प्रेमचंद पासवान, सिपाही अर्जुन कुमार, अभिज्ञात कुमार, अनिल कुमार यादव तथा स्थानीय चौकीदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।

कोई टिप्पणी नहीं