सुपौल। कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान के तहत सुपौल जिले में तीन नए प्रखंड अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। नियुक्ति के बाद मरौना प्रखंड में आयोजित एक समारोह में सुपौल विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं कांग्रेस नेता मिन्नत रहमानी ने नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्षों का फूल-माला एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत और सम्मान किया।
नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्षों में सदर प्रखंड से प्रमोद यादव, राघोपुर प्रखंड से मुखिया जमील अनवर टुन्ना तथा मरौना प्रखंड से महेश प्रसाद यादव शामिल हैं। मरौना में आयोजित कार्यक्रम में तीनों प्रखंड अध्यक्षों ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और मिन्नत रहमानी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मिन्नत रहमानी ने कहा कि पूरे बिहार में कांग्रेस का संगठन सृजन कार्यक्रम अंतिम चरण में है। बूथ, पंचायत, प्रखंड और प्रदेश स्तर तक संगठन के विस्तार की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्यकर्ता लगातार 'सृजन साथी' जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि निर्मली में मो. उस्मान, प्रतापगंज में मनोज सिन्हा और सरायगढ़ में महेश पांडेय समेत जिले के सभी प्रखंडों में संगठन विस्तार का अभियान तेज़ी से चल रहा है। उन्होंने नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस महासचिव राजेंद्र यादव, सुनील सिंह, रामपुकार सिंह, जमील अनवर, प्रमोद यादव, समिति सदस्य मनोज कुमार, सरोज कुमार, रामचंद्र यादव, भाग्य नारायण राम, यशोधर यादव, रंजीत कुमार, लक्ष्मी यादव, संजय पासवान, राम कुमार यादव, मानो यादव, बेचन मंडल, गुंजन झा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं