सुपौल। जिलाधिकारी कौशल कुमार शुक्रवार को सरायगढ़-गणपतगंज रोड (एनएच-327 AD) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण के तहत मिट्टी भराई एवं कलवर्ट निर्माण कार्य जारी पाया गया। जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, एनएच मधेपुरा को निर्देश दिया कि मिट्टी भराई और अन्य निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए।
निरीक्षण के दौरान सरायगढ़ से गणपतगंज तक टू-लेन सड़क के लिए अधिग्रहित भूमि पर अतिक्रमण पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता और अंचल अधिकारी को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तत्काल करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी इन्द्रवीर कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता अली एकराम, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सतीश कुमार, कार्यपालक अभियंता सत्येन्द्र पाठक एवं अंचल अधिकारी सरायगढ़-भपटियाही सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए ताकि यात्रियों को जल्द ही बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सके।
कोई टिप्पणी नहीं