सुपौल। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने शुक्रवार को कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष जयंत मिश्रा ने किया। यह प्रदर्शन नेशनल हेराल्ड मनी लांड्रिंग केस में सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर ईडी द्वारा चार्जशीट दाखिल किए जाने के विरोध में किया गया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के मुख्य गेट पर सोनिया गांधी और राहुल गांधी का पुतला दहन कर आक्रोश जताया।
इस अवसर पर प्रदेश मंत्री स्वदेश यादव ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय ने 15 अप्रैल 2025 को पीएमएलए के तहत दाखिल चार्जशीट में सोनिया गांधी और राहुल गांधी को आरोपित किया है, जो इस मामले की गंभीरता को दर्शाता है। भाजपा जिला अध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव ने बताया कि देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू द्वारा स्थापित एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड के तहत 'नेशनल हेराल्ड', 'नवजीवन' और 'कौमी आवाज' जैसे अखबारों का प्रकाशन होता था। एजेएल पर नेहरू का निजी स्वामित्व नहीं था, बल्कि यह 5000 स्वतंत्रता सेनानियों के स्वामित्व में था। सरकार द्वारा सस्ते दरों पर दी गई जमीन का दुरुपयोग कर आज इसकी संपत्ति को हड़पने का प्रयास किया गया है।
जिला महामंत्री कुणाल कुमार ने कहा कि सोनिया और राहुल गांधी ने जानबूझकर एक ऐसी कंपनी बनाई जिसका मकसद सिर्फ एजेएल को अपने कब्जे में लेना था। वहीं प्रदीप सिंह मुन्ना ने कहा कि 2011 में कांग्रेस ने यंग इंडिया लिमिटेड बनाकर लगभग 2000 करोड़ की राष्ट्रीय संपत्ति पर कब्जा कर लिया।
जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष जयंत मिश्रा ने कहा कि ईडी एक निष्पक्ष और सर्वोच्च जांच एजेंसी है, जिसे कांग्रेस द्वारा धमकाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने देश को लूटने का काम किया है, और आज जब जांच सही दिशा में बढ़ रही है, तब वे उसे प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।
विरोध प्रदर्शन में दिलीप सिंह, पिंटू मंडल, सरोज झा, श्याम पोद्दार, प्रभास मंडल, मो. जहिर, सुनील मिश्रा, सुधांशु रंजन, बिमलेन्दु ठाकुर, विशाल मिश्रा, मनीष कुशवाहा, दीपक गुप्ता, राजेश कुमार, संतोष जायसवाल, मनोज चौधरी, नीतीश यादव, संजीत सिंह, रोशन राणा, विकास महतो, विद्यासागर, आलोक कुमार, मनोज पासवान, नीतीश सिंह, शिव मेहता, रामप्रकाश कुमार सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए।
कोई टिप्पणी नहीं