सुपौल। रेलवे बोर्ड द्वारा होली पर्व के अवसर पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किशनगंज से लालकुआं के बीच 05741/05742 साप्ताहिक होली स्पेशल ट्रेन के संचालन की घोषणा की गई है। यह ट्रेन किशनगंज से 5 मार्च से 26 मार्च तक प्रत्येक गुरुवार एवं लालकुआं से 6 मार्च से 27 मार्च तक प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होगी। हालांकि इस विशेष ट्रेन का ठहराव राघोपुर जैसे महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन पर निर्धारित नहीं किए जाने से स्थानीय लोगों में निराशा देखी जा रही है। इसे लेकर अब राघोपुर स्टेशन पर ठहराव की मांग जोर पकड़ने लगी है।
इसी क्रम में भाजपा सुपौल की जिला मंत्री एवं नगर पंचायत सिमराही की वार्ड पार्षद स्मृति कुमारी ने समस्तीपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक के नाम एक ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक, राघोपुर के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने उल्लेख किया कि समस्तीपुर रेल मंडल अंतर्गत राघोपुर रेलवे स्टेशन पर किशनगंज–लालकुआं होली स्पेशल ट्रेन का ठहराव नहीं दिया गया है, जिससे क्षेत्र के यात्रियों में मायूसी है।
उन्होंने कहा कि राघोपुर, सुपौल जिले का एक प्रमुख रेलवे स्टेशन होने के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण व्यावसायिक केंद्र भी है। यह स्टेशन एनएच-27 एवं एनएच-106 के क्रॉसिंग प्वाइंट पर स्थित है, जिससे इसका यातायात एवं व्यापारिक महत्व और बढ़ जाता है। होली जैसे बड़े त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घर आते-जाते हैं, ऐसे में ट्रेन का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को अन्य स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ेगा।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि राघोपुर क्षेत्र धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्टेशन से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर दक्षिण भारतीय स्थापत्य शैली में निर्मित भव्य विष्णु मंदिर स्थित है, जबकि लगभग चार किलोमीटर दूर महाभारत काल से जुड़ा प्रसिद्ध बाबा भीमशंकर मंदिर है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
स्मृति कुमारी ने मंडल रेल प्रबंधक से आग्रह किया कि राघोपुर स्टेशन की आर्थिक, भौगोलिक, पर्यटन एवं सामरिक महत्ता को ध्यान में रखते हुए यात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए होली स्पेशल ट्रेन का ठहराव यहां सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा और रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि होगी।
इस संबंध में ज्ञापन की प्रतिलिपि रेल मंत्री, भारत सरकार एवं महाप्रबंधक, पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर को भी भेजी गई है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए कहा कि अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन का उद्देश्य यात्रियों को सुविधा देना है, ऐसे में राघोपुर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन की अनदेखी उचित नहीं है। इस मौके पर उमेश गुप्ता, अमरजीत साह, मयंक गुप्ता, प्रशांत आयुष वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं