Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

निर्मली : निगरानी विभाग द्वारा की गयी बड़ी कार्रवाई, सर्वे अमीन 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

 



सुपौल। निर्मली नगर पंचायत के वार्ड नंबर 01 अंतर्गत नाग मंदिर के समीप मंगलवार को निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सर्वे अमीन विक्रम कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मरौना अंचल क्षेत्र के खोरमा गांव निवासी रिटायर्ड दफादार जय नारायण यादव से जमीन सर्वे के नाम पर रिश्वत की मांग की जा रही थी। आरोप है कि सर्वे अमीन विक्रम कुमार ने कुल 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता द्वारा राशि दो किश्तों में देने की सहमति के बाद पहली किश्त के रूप में 20 हजार रुपये देने के लिए मंगलवार को नाग मंदिर के पास बुलाया गया था।

इससे पूर्व जय नारायण यादव ने पूरे मामले की लिखित शिकायत निगरानी विभाग में दर्ज कराई थी। शिकायत की सत्यता की जांच के उपरांत पटना से पहुंची निगरानी विभाग की टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही सर्वे अमीन ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि ली, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

निगरानी विभाग, पटना के पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी सर्वे अमीन को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे पटना ले जाया जा रहा है, जहां उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।

बताया गया है कि आरोपी सर्वे अमीन निर्मली नगर के वार्ड नंबर–1 में बद्री नारायण साह के मकान में किराए पर रह रहा था और वहीं रिटायर्ड दफादार को रुपये देने के लिए बुलाया गया था। इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने निगरानी विभाग की इस सख्त कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में निश्चित रूप से मदद मिलेगी।

कोई टिप्पणी नहीं