सुपौल। त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के महेशुआ पंचायत अंतर्गत रहटा वार्ड संख्या–5 में बीए की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मंगलवार को पूर्णियां सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव रहटा गांव पहुंचे। उन्होंने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
सांसद के गांव पहुंचते ही परिजन भावुक हो उठे। इस दौरान मृतका के परिजनों ने उनके पैर पकड़कर न्याय की गुहार लगाई। सांसद ने भरोसा दिलाया कि दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी और मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।
पत्रकारों से बातचीत में सांसद ने कहा कि जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त पूरा परिवार एक शादी समारोह में शामिल था और घर में मेहंदी व हल्दी की रस्में चल रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रा को घर के पास चापाकल के समीप से कुछ लोगों ने उठा लिया। उन्होंने आशंका जताई कि घटना में दुष्कर्म या दुष्कर्म का प्रयास हो सकता है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा।
सांसद ने कहा कि या तो दुष्कर्म के बाद छात्रा की हत्या की गई है या फिर दुष्कर्म के प्रयास का विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि एक बेटी की मौत से पूरा परिवार टूट जाता है और समाज में असुरक्षा की भावना गहराती है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने डीआईजी और एसपी से बात की है तथा स्पीडी ट्रायल की मांग की है। उनका कहना था कि दोषियों को तीन महीने के भीतर सख्त सजा मिलनी चाहिए।
इस दौरान सांसद ने थानाध्यक्ष पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि थानाध्यक्ष पर आरोपियों को संरक्षण देने के आरोप लगे हैं और उनकी भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। एक वीडियो का हवाला देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि थाना में गरीब बच्चों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने वरीय पदाधिकारियों से थानाध्यक्ष को तत्काल निलंबित करने की मांग की।
बिहार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर सांसद ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने मानव तस्करी, नशे और ड्रग्स के कारोबार को लेकर भी गंभीर चिंता जताई और आरोप लगाया कि अधिकारी और माफिया की मिलीभगत से स्मैक व अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी हो रही है।
सांसद ने जहानाबाद की नीट छात्रा कांड का भी जिक्र करते हुए उस मामले की जांच पर सवाल उठाए और कहा कि बिहार में मानव तस्करी एक गंभीर समस्या बन चुकी है। उन्होंने दावा किया कि इस मुद्दे को वह कई बार लोकसभा में उठा चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जरूरत पड़ी तो त्रिवेणीगंज बंद और सड़क जाम जैसे कदम भी उठाए जाएंगे।
सांसद ने कहा कि वह यहां किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आए हैं और जब तक न्याय नहीं मिलेगा, उनकी आवाज उठती रहेगी।

कोई टिप्पणी नहीं