सुपौल। भपटियाही थाना परिसर में रविवार को नवपदस्थापित थानाध्यक्ष संजय दास के नेतृत्व में पुलिस-पब्लिक मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत थानाध्यक्ष द्वारा उपस्थित जनप्रतिनिधियों के परिचय से हुई। इसके बाद उन्होंने थाना क्षेत्र की विधि-व्यवस्था की समीक्षा की और 12 पंचायतों के रूट चार्ट की जानकारी प्राप्त की।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष संजय दास ने कहा कि अपराध नियंत्रण उनकी पहली प्राथमिकता होगी। प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस गश्ती बढ़ाई जाएगी। उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों और ग्रामीणों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की घटना या दुर्घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि भपटियाही बाजार, चौक-चौराहों, सरायगढ़ रेलवे स्टेशन और एनएच 27 सहित प्रमुख स्थानों पर पुलिस की सख्त निगरानी रहेगी। साथ ही सघन वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा।
बैठक में लोगों ने थानाध्यक्ष को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। मौके पर प्रखंड प्रमुख विजय कुमार यादव, एसआई आकाश आनंद, दिव्यांशु, मनु कुमार, जिप सदस्य गौतम कुमार, मुखिया विजय कुमार यादव, सुरेश प्रसाद सिंह, प्रो. सूर्य नारायण मेहता, उमेश यादव, सुखदेव पंडित, महादेव यादव, श्याम यादव, राजेंद्र साह, राजकिशोर पासवान, शिवराम यादव, ज्ञानदेव मेहता, मो. अलादीन, मो. इफ्तेखार अहमद, मो. शहीद, विजय मंगरदैता समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
थानाध्यक्ष ने अंत में सभी का धन्यवाद करते हुए भरोसा जताया कि पुलिस और पब्लिक के संयुक्त प्रयास से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं