सुपौल। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र के अंचल कार्यालय में शनिवार को भूमि विवाद से जुड़े मामलों के समाधान के लिए जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंचल अधिकारी स्वामीनाथ राम ने की। जनता दरबार में भूमि विवाद से संबंधित मामलों की सुनवाई दोनों पक्षों की उपस्थिति में पारदर्शी तरीके से की गई। अंचल अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राप्त आवेदनों के आधार पर कागजातों की जांच के बाद कुल 4 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जिससे संबंधित पक्षों को त्वरित राहत मिली।
इसके अलावा जनता दरबार के दौरान 6 नए आवेदन भी प्राप्त हुए। हालांकि आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में इन मामलों की सुनवाई नहीं हो सकी, जिसके कारण दोनों पक्षों को अगली तिथि निर्धारित कर दी गई है। अंचल अधिकारी स्वामीनाथ राम ने बताया कि भूमि विवादों के समाधान के लिए प्रत्येक शनिवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जहां दोनों पक्षों के समक्ष निष्पक्ष सुनवाई कर मामलों का निपटारा किया जाता है।
उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि छोटे-छोटे विवादों को आपसी समझदारी और सामंजस्य के साथ गांव स्तर पर ही सुलझाने का प्रयास करें, ताकि अनावश्यक रूप से न्यायालय या सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस मौके पर सहायक उर्दू अनुवादक मो. बशीर अकरम, भपटियाही थाना के एसआई बलदेव राम सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं जमीन मालिक उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं