सुपौल। रविवार की सुबह निर्मली नगरवासियों के लिए दुखद समाचार लेकर आई, जब कोसी महासेतु पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा नेता सुरेश प्रसाद राय की मौत हो गई। वे नगर पंचायत निर्मली के वार्ड संख्या 08 के निवासी थे और भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष रह चुके थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेश प्रसाद राय सुबह करीब 8:30 बजे बाइक से सिमराही बाजार के लिए निकले थे। इसी दौरान एनएच-27 पर कोसी महासेतु के समीप गलत दिशा से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल एनएचएआई की एम्बुलेंस से अनुमंडलीय अस्पताल, निर्मली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी असामयिक मृत्यु की खबर सुनते ही नगर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और शुभचिंतकों में कोहराम मच गया।
सुरेश प्रसाद राय तिरुपति इलेक्ट्रॉनिक्स नामक प्रतिष्ठान के संचालक थे, जो बैंक ऑफ इंडिया, निर्मली शाखा के सामने स्थित है। वे लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी जुड़े रहे थे और सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाते थे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही भाजपा, जदयू सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, व्यापारियों व आम नागरिकों की भारी भीड़ उनके अंतिम दर्शन को उनके निवास पर उमड़ पड़ी।
इस दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार राय, लौकहा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मनोज बिहारी, भाजपा नेता सीताराम चौधरी, अनिल कुमार उर्फ गोपाल साह समेत कई नेताओं ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की।
किशनपुर थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है तथा पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। लोगों ने सुरेश प्रसाद राय को एक मिलनसार, कर्मठ और समाजसेवी व्यक्ति के रूप में याद किया।
कोई टिप्पणी नहीं