सुपौल। निर्मली थाना क्षेत्र के महुआ गांव स्थित लोहा पुल के समीप गुरुवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो अपाचे बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान किशनपुर थाना क्षेत्र के हांसा गांव निवासी 40 वर्षीय राजकिशोर साह के रूप में की गई है। वे अपने रिश्तेदार के यहां परसामाधो पंचायत के कलीमुंगरा गांव में एक मृत्यु भोज में शामिल होने आए थे। बताया गया कि गुरुवार को वे भोज से संबंधित सामग्री खरीदने के लिए निर्मली बाजार जा रहे थे, तभी महुआ गांव के पास यह हादसा हो गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में मृतक के रिश्तेदार परसा गांव निवासी सतन शर्मा, महुआ गांव निवासी 16 वर्षीय प्रभाष कुमार, और मधुबनी जिले के लौकही गांव निवासी 22 वर्षीय भाग नारायण मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत निर्मली अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां से प्रभाष कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। बताया गया कि उसके सिर और चेहरे पर गहरी चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे, जहां कोहराम मच गया। मृतक राजकिशोर साह अपने पीछे पत्नी पिंकी देवी और दो छोटे पुत्रों को छोड़ गए हैं। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार बेहोश हो जा रही हैं।
सूचना मिलने पर निर्मली थानाध्यक्ष सियावर मंडल दल-बल के साथ अस्पताल पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि घटना को लेकर आवश्यक विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। गांव के लोगों ने बताया कि राजकिशोर साह मेहनती और मिलनसार व्यक्ति थे। उनके असमय निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

कोई टिप्पणी नहीं