सुपौल। पिपरा प्रखंड के पथरा उत्तर पंचायत अंतर्गत जोल्हनिया वार्ड संख्या 7 में सोमवार को सात दिवसीय भागवत कथा आयोजन की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। कलश यात्रा में 108 कुंवारी कन्याओं और बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
भागवत कथा का आयोजन जोल्हनिया निवासी महंत रामचन्द्र दास के अखाड़ा परिसर में किया गया है, जहाँ वृंदावन से पधारे आचार्य दीनदयाल उपाध्याय एवं उनकी टीम द्वारा कथा प्रवचन किया जाएगा। यह धार्मिक अनुष्ठान सोमवार से अगले सात दिनों तक चलेगा।
कलश यात्रा गाजे-बाजे और जयघोषों के साथ महंत साहब के अखाड़ा से प्रारंभ होकर गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए खेरदाहा नदी तक पहुँची। नदी तट पर पंडित महेन्द्र झा ने विधि-विधान से मंत्रोच्चार कर कन्याओं से कलश में पवित्र जल भरवाया। इसके बाद कलश यात्रा पुनः अखाड़े पर लौटकर कलश स्थापना के साथ भागवत कथा का शुभारंभ किया गया।
धार्मिक आयोजन में स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी और सहयोग सराहनीय रहा। क्षेत्र में अगले सात दिनों तक आध्यात्मिक माहौल रहने की उम्मीद है।

कोई टिप्पणी नहीं