सुपौल। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में जिला नियोजनालय सुपौल द्वारा 12 फरवरी 2026 को एकदिवसीय नियोजन-सह-व्यवसायिक मार्गदर्शन मेला / रोजगार मेला–2026 का आयोजन किया जाएगा। यह मेला पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक संयुक्त श्रम भवन परिसर, निकट गवर्नमेंट आईटीआई सुपौल (डीआरसीसी के ठीक पीछे) आयोजित होगा।
जिला नियोजनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस रोजगार मेले में 20 से अधिक निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी, जो विभिन्न पदों पर युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी। मेले में फाइनेंस, ऑटोमोबाइल, मैन्युफैक्चरिंग, कंस्ट्रक्शन, सुरक्षा गार्ड सहित अन्य क्षेत्रों से जुड़ी कंपनियां शामिल होंगी।
रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को कंपनियों द्वारा वेतन, पीएफ, ईएसआई, इंश्योरेंस सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इस मेले में 8वीं, 10वीं, KYP, 12वीं, स्नातक उत्तीर्ण युवक एवं युवतियां भाग ले सकते हैं।
नियोजनालय ने बताया कि जिले के वे युवक-युवतियां जो रोजगार की तलाश में हैं, उनके लिए यह मेला सुनहरा अवसर है। मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा, आधार कार्ड एवं शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति लेकर निर्धारित तिथि व समय पर उपस्थित होने की अपील की गई है।

कोई टिप्पणी नहीं