सुपौल। जिलाधिकारी सावन कुमार ने गुरुवार को राजकीयकृत बबुजन विश्वेश्वर बालिका उच्च माध्यमिक (+2) विद्यालय सुपौल में संचालित इंटरमीडिएट परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर परीक्षा व्यवस्था, अनुशासन एवं शांतिपूर्ण संचालन का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्र पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षक को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा को पूर्णतः कदाचारमुक्त, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पवित्रता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने परीक्षार्थियों की उपस्थिति, बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर संबंधित पदाधिकारी तथा विद्यालय प्रशासन के सदस्य उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं