सुपौल। छातापुर प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय भीमपुर एवं मध्य विद्यालय बलुआ बाजार में शुक्रवार को पैक्स चुनाव निर्धारित समय पर शांतिपूर्ण ढंग से प्रारंभ हुआ। प्रशासनिक अधिकारियों के नेतृत्व में सभी बूथों पर शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न कराया गया।
पैक्स चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस बल की पुख्ता व्यवस्था की गई थी। वहीं प्रत्येक गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई थी। छातापुर प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता ने अपने नेतृत्व में विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर चुनाव प्रक्रिया का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
भीमपुर पंचायत स्थित मध्य विद्यालय भीमपुर में पैक्स चुनाव को लेकर कुल तीन मतदान केंद्र बनाए गए थे, जबकि मध्य विद्यालय बलुआ बाजार में चार मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे। जानकारी के अनुसार भीमपुर पंचायत से पैक्स अध्यक्ष पद के लिए हरे राम मंडल एवं अनमोल कुमार सिंह के बीच मुकाबला है, जहां कुल 2056 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
वहीं बलुआ पंचायत से पैक्स अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान पैक्स अध्यक्ष प्रभात मिश्र तथा उनके प्रतिद्वंदी अजय मिश्र उर्फ रिंकू चुनावी मैदान में हैं। इस पंचायत में कुल 2457 मतदाता हैं। पैक्स मतदाता सुबह से ही कतारबद्ध होकर अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान करते नजर आए। मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा गया।

कोई टिप्पणी नहीं