सुपौल। रेफरल अस्पताल राघोपुर की पहल पर गुरुवार को कन्या मध्य विद्यालय परिसर में एनीमिया जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान कुल 200 छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान छात्राओं के हेमोग्लोबिन स्तर की जांच कर खून की कमी का आकलन किया गया।
शिविर का संचालन बीसीएम शादाब अली के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में एएनएम सुप्रिया कुमारी, निकिता कुमारी एवं मोनिका कुमारी ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा छात्राओं को एनीमिया के लक्षण, इससे होने वाले दुष्प्रभाव, बचाव के उपाय तथा संतुलित आहार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
जांच के दौरान जिन छात्राओं में खून की कमी पाई गई, उन्हें आवश्यक परामर्श देने के साथ-साथ दवा उपलब्ध कराने की बात कही गई। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि किशोरियों में बढ़ती एनीमिया की समस्या को देखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य जांच शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीप नारायण राम ने कहा कि स्वस्थ नारी, स्वस्थ परिवार की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम में विद्यालय प्रभारी उमाकांत राय, शिक्षक दिलीप कुमार, बबिता कुमारी, एलएस रुपम कुमारी, सेविका कुमारी बिंदु सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।

कोई टिप्पणी नहीं