सुपौल। जिले के जीएसटी कार्यालय में ईंट भट्ठा संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जीएसटी कमिश्नर संजय कुमार ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य ईंट भट्ठा उद्योग से जुड़े कारोबारियों को जीएसटी नियमों की जानकारी देना तथा समय पर जीएसटी बिल एवं रिटर्न दाखिल करने के महत्व से अवगत कराना था।
बैठक को संबोधित करते हुए जीएसटी कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि समय पर जीएसटी बिल एवं रिटर्न दाखिल करने से अनावश्यक पेनाल्टी से बचा जा सकता है, साथ ही व्यवसाय में पारदर्शिता और विश्वसनीयता भी बढ़ती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य करदाताओं को दंडित करना नहीं, बल्कि उन्हें नियमों के प्रति जागरूक कर सुचारू व्यापारिक वातावरण उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर असिस्टेंट कमिश्नर सीतेश कुमार ने ईंट भट्ठा संचालकों को जीएसटी पोर्टल पर पंजीकरण, ई-वे बिल, मासिक एवं त्रैमासिक रिटर्न फाइलिंग की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। वहीं डिप्टी कमिश्नर भास्कर कुमार ने कर अनुपालन के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए उनके समाधान बताए।
बैठक में ईंट भट्ठा संघ के अध्यक्ष जमालुद्दीन एवं सचिव मनीष चोखानी ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने भट्ठा संचालकों की समस्याओं एवं सुझावों को अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया तथा आशा जताई कि विभाग द्वारा आगे भी इस प्रकार की जागरूकता बैठकें आयोजित की जाएंगी।
अंत में अधिकारियों ने सभी ईंट भट्ठा संचालकों से अपील की कि वे जीएसटी से संबंधित सभी दस्तावेज समय पर जमा करें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर सीधे विभाग से संपर्क करें, ताकि जिले में कर व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं