सुपौल। भपटियाही थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार को एनएच-27 स्थित चिकनी गांव के समीप स्पर संख्या 35 के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर प्लेट के स्वराज ट्रैक्टर से 940 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद की है। उक्त जानकारी भपटियाही थाना अध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे ने दी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कोसी सुरक्षा गार्ड बांध की ओर से ट्रैक्टर के माध्यम से शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एनएच-27 चिकनी गांव के समीप स्पर संख्या 35 के पास संदिग्ध ट्रैक्टर का पीछा किया। पुलिस को देखकर ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस द्वारा ट्रैक्टर की तलाशी लेने पर उसमें छुपाकर रखे गए सात प्लास्टिक बोरों से कुल 940 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद की गई। इसके बाद ट्रैक्टर को जब्त कर थाना लाया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस संबंध में अज्ञात शराब तस्कर एवं ट्रैक्टर मालिक के विरुद्ध उत्पाद एवं मद्य निषेध अधिनियम के तहत भपटियाही थाना कांड संख्या 33/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। फरार चालक की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

कोई टिप्पणी नहीं