सुपौल। त्रिवेणीगंज शहर में लगातार बढ़ रही जाम एवं अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलाने की मांग को लेकर शुक्रवार को त्रिवेणीगंज व्यापार संघ के अध्यक्ष सहित अन्य व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी सावन कुमार को ज्ञापन सौंपा।
जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में व्यापारियों ने बताया कि त्रिवेणीगंज बाजार में रोजाना लगने वाले जाम से व्यापारी वर्ग के साथ-साथ आम नागरिकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापार संघ द्वारा पूर्व में भी स्थानीय प्रशासन को कई बार ज्ञापन देकर जाम एवं अतिक्रमण हटाने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
व्यापारियों ने कहा कि पूरे शहर में मोटरसाइकिल, सिटी रिक्शा, टेंपो एवं चारपहिया वाहन सड़कों पर ही अव्यवस्थित तरीके से खड़े रहते हैं, जिससे घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है। इसका सीधा असर बाजार की गतिविधियों और व्यापार पर पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि त्रिवेणीगंज के मुख्य बाजार क्षेत्र, शनिचर हाट, जुगल चौक से मेला ग्राउंड जाने वाली सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है। पूर्व में प्रशासन द्वारा जाम एवं अतिक्रमण हटाने का प्रयास जरूर किया गया था, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल सका।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से अविलंब जाम एवं अतिक्रमण की समस्या का स्थायी समाधान निकालकर शहर को जाम मुक्त करने की मांग की, ताकि आम जनता और व्यापारियों को राहत मिल सके। ज्ञापन सौंपने वालों में व्यापार संघ के अध्यक्ष भुवनेश्वरी साह, उमाशंकर गुप्ता, शम्भू कुमार सुमन, उमेश गुप्ता सहित अन्य व्यापारी शामिल थे।

कोई टिप्पणी नहीं