सुपौल। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र के चांदपीपर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 12 स्थित प्राथमिक विद्यालय चाँदपीपर में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने विद्यालय का ताला तोड़कर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों द्वारा विद्यालय से मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना के तहत रखा गया कुल 18 बोरी (लगभग 9 क्विंटल) चावल, चार बिजली पंखा एवं एक समरसेबल मोटर की चोरी कर ली गई।
घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका सुमन कुमारी ने भपटियाही थाना में आवेदन देकर चोरी की सूचना दी। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को यह सुराग मिला कि चावल की बोरियां ले जाते समय रास्ते में कुछ चावल गिर गए थे। इसी निशानदेही पर पुलिस विद्यालय से कुछ ही दूरी पर एक पुआल के ढेर के पास पहुंची। पुआल का ढेर हटाने पर उसके अंदर से विद्यालय के एमडीएम का चावल छिपाकर रखा गया पाया गया, साथ ही दो चोरी किए गए पंखे भी बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से कुल सात बोरी चावल एवं दो बिजली पंखे बरामद किए हैं। थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे ने बताया कि पुआल के ढेर के मालिक से पूछताछ की जा रही है, जबकि शेष 11 बोरी चावल, दो पंखा एवं समरसेबल मोटर की बरामदगी को लेकर पुलिस गहन छानबीन कर रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरी की घटना को लेकर पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं