सुपौल। जिला भाजपा कार्यालय में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री राजेश कुमार झा के प्रथम आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित बैठक में प्रदेश महामंत्री ने जिले के प्रमुख भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम, बूथ स्तर की बैठकों तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने पर चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
राजेश कुमार झा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के लिए समर्पित रहे हैं। इन वर्षों में सरकार द्वारा किए गए कार्यों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर टोले और मोहल्ले तक पहुंचकर लोगों से संवाद करें तथा यह सुनिश्चित करें कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभुक तक पहुंचे। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने पर भी बल दिया।

कोई टिप्पणी नहीं