सुपौल। छातापुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय स्थित वेश्म में बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता की अध्यक्षता में आवास कर्मियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आवास प्लस 2024 के अंतर्गत सर्वेक्षित परिवारों के शत-प्रतिशत सत्यापन से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान डिलेशन मॉड्यूल के लिए पंचायतवार तिथियों का भी निर्धारण किया गया। बीडीओ ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि डिलेशन मॉड्यूल के सत्यापन से पूर्व कोशी पुनर्वास, इंदिरा आवास एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित परिवारों के साथ-साथ पक्का मकान वाले परिवारों का मिलान अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही रिमांड के उपरांत सत्यापन प्रक्रिया में चेकर एवं मेकर को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में बीडीओ ने बताया कि सेल्फ सर्वे एवं असिस्टेंट सर्वे के माध्यम से चिह्नित परिवारों का सत्यापन उपरांत योग्य लाभुकों का चयन संबंधित सहायक एवं पर्यवेक्षक द्वारा अभिलेखों के मिलान के साथ किया जाएगा। सत्यापन से संबंधित सूची आपत्तियों सहित प्रखंड कार्यालय में जमा कराई जाएगी, ताकि सभी योग्य परिवारों का चयन कर अंतिम लाभार्थी सूची तैयार की जा सके।
उक्त कार्यों के सुचारू संचालन हेतु बैठक में आरडीओ प्रवीण कुमार रजक को नोडल पदाधिकारी नामित करने का प्रस्ताव लिया गया। बैठक में आवास पर्यवेक्षक, कार्यपालक सहायक एवं सहायक कर्मी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं