सुपौल। उप विकास आयुक्त सारा अशरफ ने मंगलवार को त्रिवेणीगंज प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रखंड कार्यालय परिसर में निर्माणाधीन प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन के प्राक्कलन, निर्माण नक्शा सहित संबंधित अभिलेखों का गहन अवलोकन किया तथा भवन निर्माण विभाग के अभियंताओं से निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव भारती, कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा हिमेश कुमार, प्रखंड स्वच्छता समन्वयक कंचन कुमारी, मनरेगा लेखापाल हेमेंद्र वर्मा के अलावा भवन निर्माण विभाग के सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता उपस्थित थे।
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि भवन निर्माण कार्य प्राक्कलन के अनुरूप, निर्धारित मानकों एवं तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा गुणवत्ता से समझौता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डीडीसी ने यह भी निर्देश दिया कि कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए ताकि भवन निर्माण समय पर पूर्ण होकर आम जनता को बेहतर प्रशासनिक सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं