Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

राघोपुर : अगलगी पीड़ितों के बीच यूनिटी क्लब ने बांटी राहत सामग्री


सुपौल। राघोपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत विशनपुर दौलत पंचायत के वार्ड नंबर 9 में गत मंगलवार की रात हुई भीषण अगलगी की घटना में छह परिवारों के कुल दस घर जलकर राख हो गए। इस दर्दनाक हादसे में पीड़ित परिवारों का घर-गृहस्थी का सारा सामान जल गया, जिससे वे पूरी तरह बेघर हो गए। अग्नि पीड़ितों के पास शरीर पर पहने कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा है।

पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए सामाजिक संगठनों ने सहयोग का हाथ बढ़ाया है। इसी क्रम में बुधवार को यूनिटी क्लब सिमराही के बैनर तले सभी अग्नि पीड़ित परिवारों के बीच राहत किट का वितरण किया गया। कमेटी सदस्यों ने बताया कि राहत किट में चावल, दाल, चूड़ा, आलू, तेल, प्याज, नमक, कंबल, तिरपाल, साड़ी, कपड़ा सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल थी। सभी सामग्रियों को पैकेट बनाकर पीड़ित परिवारों को सौंपा गया।

इस मौके पर विशनपुर दौलत पंचायत के मुखिया भूपेंद्र मेहता के अलावा यूनिटी क्लब के सदस्य विश्वजीत भगत, जय शंकर, पिंटू साह चौधरी, अमित भगत, अविनाश सन्नी, देवादित्य सेन, रिंकू भगत, प्रमोद शाह सहित कई लोग मौजूद रहे।

यूनिटी क्लब के संरक्षण सदस्य ब्रिगेडियर प्रणव जायसवाल ने बताया कि यूनिटी क्लब वर्ष 2014 से लगातार मानव सेवा के कार्यों में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान क्लब द्वारा डोर-टू-डोर भोजन और दवाइयों का वितरण किया गया था। अब अग्नि पीड़ित परिवारों को भी राशन सामग्री, कंबल और वस्त्र उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि यूनिटी क्लब भविष्य में भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए हर संभव प्रयास करता रहेगा।

कोई टिप्पणी नहीं