Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

त्रिवेणीगंज स्थित KGBV का डीईओ ने किया औचक निरीक्षण, कई गंभीर खामियां उजागर



सुपौल। 04 फरवरी 2026 को जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (KGBV), त्रिवेणीगंज का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्था में कई महत्वपूर्ण कमियां पाई गईं, जिस पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि छात्राओं को दिए जाने वाले भोजन में चावल की तुलना में दाल की मात्रा कम है, जो विभाग द्वारा निर्धारित मीनू के अनुरूप नहीं है। इसके अलावा विद्यालय के बाहर लगा मोटर खराब पाया गया, वहीं आर.ओ. (पेयजल) भी कार्यशील स्थिति में नहीं था। KGBV परिसर में साफ-सफाई का अभाव देखा गया तथा शौचालय में टाइल्स टूटे हुए पाए गए।

विद्यालय में कुल 100 नामांकित छात्राओं के विरुद्ध 86 छात्राओं की उपस्थिति दर्ज की गई। इस पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने KGBV के वार्डन को निर्देश दिया कि छात्राओं की उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए तथा भोजन व्यवस्था को विभागीय मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित किया जाए।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने संभाग प्रभारी, बिहार शिक्षा परियोजना, सुपौल को निर्देश दिया कि वे अपने स्तर से KGBV त्रिवेणीगंज का नियमित अनुश्रवण एवं निरीक्षण करते हुए पाई गई सभी कमियों को अविलंब दूर कराएं। साथ ही बंद पड़े समरसेबल को चालू कराने एवं भवन में हो रहे रिसाव को संबंधित प्रखंड के कनीय अभियंता से समन्वय स्थापित कर दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया। इस संबंध में एक सप्ताह के भीतर अनुपालन प्रतिवेदन जिला शिक्षा पदाधिकारी, सुपौल को समर्पित करने को कहा गया है।

इसके अतिरिक्त, सुपौल जिला अंतर्गत संचालित सभी प्रकार के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों का निरंतर अनुश्रवण एवं निरीक्षण करते हुए पाई गई कमियों को दूर करने तथा निरीक्षण प्रतिवेदन समर्पित करने का भी निर्देश दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि दिनांक 03 फरवरी 2026 को राज्य परियोजना निदेशक, बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, पटना द्वारा पत्रांक 699 के माध्यम से सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (SSA) को निर्देशित किया गया है कि विशेष अभियान चलाकर आगामी 10 दिनों के भीतर जिले में संचालित सभी KGBV का निरीक्षण अपने अधीनस्थ पदाधिकारियों अथवा संभाग प्रभारी KGBV के माध्यम से कराना सुनिश्चित करें।

कोई टिप्पणी नहीं