सुपौल। पैक्स चुनाव के तहत गुरुवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड के चाँदपीपर पंचायत में स्थापित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया, विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं चुनाव में तैनात कर्मियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पैक्स चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है। इस अवसर पर संबंधित प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय पदाधिकारी भी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं