सुपौल। जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. द्वारा निर्मली अनुमंडल अंतर्गत में मुख्यमंत्री की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा को लेकर निर्धारित क्षेत्र का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित अनुमंडल परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण उपरांत अधिकारियों ने वाईब्रेंट विलेज प्रोग्राम के अंतर्गत चयनित तीन राजस्व ग्रामों का भी क्षेत्रीय भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान गांवों की भौतिक स्थिति, आधारभूत संरचनाओं, संपर्क मार्ग, स्वच्छता एवं अन्य विकासात्मक पहलुओं का गहन अवलोकन किया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएं। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मौके पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मली, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी निर्मली, प्रखंड विकास पदाधिकारी निर्मली एवं अंचल अधिकारी निर्मली सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं