सुपौल। युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव एवं जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार झा ने शनिवार को अपने समर्थकों के साथ सुपौल कलेक्ट्रेट गेट पर एकदिवसीय विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने दो सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन जिला पदाधिकारी, सुपौल को समर्पित किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए श्री झा ने कहा कि सदर प्रखंड मुख्यालय अंतर्गत गोठ बरूआरी पंचायत के बरैल गांव वार्ड संख्या 4 में स्थित करीब पाँच दशक पुराने पुस्तकालय की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है। उन्होंने मांग किया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए उक्त पुस्तकालय का शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं युवाओं को अध्ययन की बेहतर सुविधा मिल सके।
वहीं दूसरी मांग को लेकर उन्होंने वीरपुर अनुमंडल अंतर्गत स्थित वीरपुर एयरपोर्ट का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि वीरपुर एयरपोर्ट सुपौल जिले का एकमात्र एयरपोर्ट है, जिसे चालू करने के लिए पूर्व में कई बार आंदोलन किए गए थे। प्रस्ताव पास होने एवं राशि आवंटित होने के बाद विकास कार्य तेजी से शुरू हुआ था, लेकिन किसी कारणवश कार्य बीच में ही ठप पड़ गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि वीरपुर एयरपोर्ट के विकास कार्य को पुनः शुरू कर तेजी से पूरा किया जाए तथा उड़ान सेवा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने बीरपुर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की भी मांग रखी।
श्री झा ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान नीतीश कुमार, राज किशोर शाह, माहेश्वरी चौधरी, सतीश कुमार, एमडी जसीम, फूलों पासवान, अशोक शाह, बैजू कुमार, छोटू जी एवं एमडी अंजार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं