सुपौल। 07 फरवरी 2026 को जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में लहटन चौधरी सभागार में जिला समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को प्रभावी रूप से लागू करने एवं राज्यव्यापी एमडीएम (मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) अभियान की सफलता सुनिश्चित करना था।
बैठक में बताया गया कि आगामी 10 फरवरी 2026 से निर्मली प्रखंड के सभी पंचायत, गांव, वार्ड, टोला एवं अन्य स्थानों पर टीमों का गठन कर लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया जाएगा। वहीं 11 फरवरी 2026 को राज्यव्यापी एमडीएम कैंप के तहत निर्मली प्रखंड के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा। इन कैंपों में आंगनबाड़ी सेविका, जीविका, स्वयं सहायता समूह के सदस्य तथा आशा परिवार के दो वर्ष से अधिक आयु के सदस्यों को दवा खिलाई जाएगी।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग से प्रभारी सिविल सर्जन डॉ आनंद शंकर प्रसाद सिंह, डॉ डी.एन. राम, बालकृष्ण चौधरी, विपिन कुमार, सिकंदर कुमार सहित डेवलपमेंट पार्टनर के सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा निर्मली प्रखंड के उपाधीक्षक, स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक तथा जिला स्तर पर समन्वय हेतु डीपीएम, जीविका, आईसीडीएस के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर जिलाधिकारी सुपौल द्वारा प्रखंड स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने, प्रतिदिन दवा सेवन से संबंधित प्रतिवेदन संकलित करने तथा कार्यक्रम के अनुश्रवण हेतु पंचायत स्तरीय टीम गठित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने की अपील की।

कोई टिप्पणी नहीं