सुपौल। संयुक्त श्रम भवन में शुक्रवार को श्रम अधीक्षक सुशील कुमार यादव की अध्यक्षता में तृतीय एक दिवसीय ग्रामीण प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के कुल 11 प्रखंडों के विभिन्न पंचायतों से आए श्रमिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रम अधीक्षक सुशील कुमार यादव ने श्रमिकों को बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक (संशोधित) योजना, 2024, बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना योजना, 2008, बाल श्रम उन्मूलन योजना तथा बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड अंतर्गत संचालित निबंधन एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने श्रमिकों से योजनाओं का लाभ उठाने के लिए निबंधन कराने की अपील की।
उक्त अवसर पर सदस्य बाल कल्याण, जिला नियोजन पदाधिकारी आदित्य कुमार चौधरी सहित श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सुपौल सदर मिहिर कुमार, पिपरा के अमित कुमार केशरी, बसंतपुर के सुबेश कुमार पासवान, राघोपुर के नितीन कुमार, प्रतापगंज के विकास कुमार एवं किशनपुर के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी श्रमिकों को विस्तार से दी गई तथा उनके प्रश्नों का समाधान किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के श्रमिकों को उनके अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना बताया गया।

कोई टिप्पणी नहीं