सुपौल। जिले में एग्री स्टैक परियोजना के अंतर्गत फॉर्मर रजिस्ट्री आईडी निर्माण की प्रगति की समीक्षा बुधवार 05 फरवरी 2026 को जिला पदाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में की गई। बैठक में जिला अंतर्गत सभी भू-धारक कृषकों का फॉर्मर रजिस्ट्री आईडी बनाए जाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बताया गया कि फॉर्मर रजिस्ट्री आईडी निर्माण के लिए दिनांक 02 फरवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से जिले के सभी पात्र कृषकों का पंजीकरण किया जा रहा है। वर्तमान में जिले में मात्र 98,447 फॉर्मर रजिस्ट्री आईडी ही बनाई जा सकी है, जबकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले में कुल 2,72,252 लाभुक कृषक पंजीकृत हैं।
समीक्षा बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जिले में अब तक कुल 3,24,732 किसानों का ई-केवाईसी पूरा किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने इस प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी आईडी धारक एवं संबंधित कर्मी शत-प्रतिशत योगदान देते हुए निर्धारित लक्ष्य को समयसीमा के भीतर पूरा करें। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर समाहर्ता सुपौल, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला उद्योग पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार अपर समाहर्ता, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी भी बैठक से जुड़े।

कोई टिप्पणी नहीं