Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

पनोरमा ग्रुप पर ED का शिकंजा, पूर्णिया और सुपौल में एक साथ छापेमारी से हड़कंप



पूर्णिया/सुपौल। सीमांचल और कोसी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंस्ट्रक्शन कंपनी पनोरमा ग्रुप पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से मंगलवार को इलाके में हड़कंप मच गया। मंगलवार सुबह करीब 06 बजे ईडी की अलग-अलग टीमों ने एक साथ पूर्णिया और सुपौल जिले के छातापुर स्थित पनोरमा ग्रुप के कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू की।

जानकारी के अनुसार पूर्णिया स्थित पनोरमा सिटी, जिला स्कूल रोड पर स्थित मुख्य कार्यालय, ग्रुप के प्रबंध निदेशक संजीव मिश्रा के आवास समेत कई अन्य कार्यालयों और रेसिडेंशियल प्रोजेक्ट्स पर भारी सुरक्षा बल की मौजूदगी में दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले को लेकर की जा रही है।

पनोरमा ग्रुप बीते कुछ वर्षों में रियल एस्टेट के क्षेत्र में तेजी से उभरा है। ऐसे में ईडी की इस कार्रवाई के बाद व्यावसायिक जगत के साथ-साथ राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। ईडी की नजर फिलहाल कंपनी के वित्तीय लेन-देन, निवेश के स्रोत और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों पर बताई जा रही है। गौरतलब है कि पनोरमा ग्रुप के प्रबंध निदेशक संजीव मिश्रा केवल एक बड़े बिल्डर ही नहीं हैं, बल्कि वे विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी से उनकी नजदीकी और राजनीतिक रसूख के कारण इस छापेमारी को काफी अहम माना जा रहा है।

 सूत्रों के अनुसार ईडी की टीम ने पूरी गोपनीयता बरतते हुए एक साथ कई जगहों पर दबिश दी। जिला स्कूल रोड स्थित मुख्य हेड ऑफिस,  रेसिडेंशियल प्रोजेक्ट ई-होम्स पनोरमा सहित अन्य साइट्स, कंपनी से जुड़े प्रमुख स्टाफ और कर्मियों के आवास शामिल है।  सूत्रों की मानें तो टीम द्वारा संजीव मिश्रा और उनके परिजनों से बंद कमरे में पूछताछ की जा रही है। 

छापेमारी के दौरान पनोरमा ग्रुप के सभी ठिकानों को सुरक्षा बलों ने पूरी तरह घेर लिया है। किसी भी व्यक्ति के अंदर आने या बाहर जाने पर सख्त रोक लगा दी गई है। फिलहाल ईडी की ओर से कोई आधिकारिक बयान या आंकड़ा जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच प्रक्रिया अभी जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही संपत्ति व दस्तावेजों को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं