सुपौल। बिहार राजस्व अमीन संघ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। संघ के आह्वान पर जिले के अमीनों ने शुक्रवार को काला बिल्ला लगाकर कार्य करते हुए सरकार के प्रति विरोध दर्ज कराया। साथ ही 23 मार्च को जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना देने की घोषणा की गई है।
संघ के जिलाध्यक्ष अभिषेक आनंद और मीडिया प्रभारी रंधीर कुमार ने बताया कि अमीन संवर्ग की कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इससे कर्मियों में गहरा असंतोष व्याप्त है।
संघ की प्रमुख मांगों में त्रिस्तरीय पदोन्नति व्यवस्था लागू करना, बिहार अमीन संवर्ग नियमावली-2025 के तहत पे लेवल-6 वेतनमान, गृह जिला या नजदीकी जिले में पदस्थापन, भूमि मापन कार्य के लिए जंजीर वाहकों की नियुक्ति तथा क्षेत्रीय कार्य के अनुरूप वाहन, यात्रा और इंटरनेट भत्ता शामिल हैं।
संघ का कहना है कि अमीनों का कार्य पूरी तरह तकनीकी और फील्ड आधारित है। डिजिटल और ऑनलाइन कार्य बढ़ने के बावजूद उन्हें न तो उचित वेतन मिल रहा है और न ही आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 23 मार्च को प्रस्तावित धरना के बाद भी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो राज्यभर के अमीन अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और संबंधित विभाग की होगी।

कोई टिप्पणी नहीं