सुपौल। संयुक्त कृषि भवन गौरवगढ़ परिसर में शनिवार को दो दिवसीय किसान मेला-सह-कृषि प्रदर्शनी (21 एवं 22 मार्च) का भव्य उद्घाटन उप विकास आयुक्त सारा असरफ द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का स्वागत सजावटी पौधे भेंट कर किया गया।
उद्घाटन सत्र में जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक आत्मा पप्पू कुमार ने आत्मा योजना के तहत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने राज्य एवं जिले के भीतर आयोजित कृषक प्रशिक्षण, परिभ्रमण, किसान पाठशाला, वैज्ञानिक संगोष्ठी, किसान चौपाल एवं नवाचार गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर बिहार सरकार के वित्त, ऊर्जा, योजना एवं विकास विभाग के मंत्री के प्रतिनिधि रामचन्द्र प्रसाद यादव ने किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, उप विकास आयुक्त सारा असरफ ने भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों को “लैब से लैंड” तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने किसानों को नई तकनीकों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।
मेले में विभिन्न प्रखंडों के तकनीकी प्रबंधकों, सहायक प्रबंधकों एवं प्रगतिशील किसानों द्वारा कई विषयों पर आकर्षक स्टॉल लगाए गए। इनमें मोटे अनाज (श्री अन्न), सब्जी, मसाला, तरबूज, दलहन, मशरूम, आलू, जूट, राजमा की खेती, वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन, ओल की खेती तथा समेकित कृषि प्रणाली का जीवंत प्रदर्शन शामिल रहा। अतिथियों ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर किसानों एवं कर्मियों से जानकारी प्राप्त की।
तकनीकी सत्र में कृषि विज्ञान केन्द्र, राघोपुर के वरीय वैज्ञानिक-सह-प्रधान डॉ. नित्यानंद कुमार एवं अन्य वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, समस्याओं एवं उनके समाधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपनी योजनाओं की जानकारी साझा की, जिसे किसानों ने पूरे ध्यान से सुना।
कार्यक्रम में जिले के सभी 11 प्रखंडों से परिभ्रमण योजना के तहत 25-25 किसानों ने भाग लिया। मेले में किसानों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सारा असरफ, प्रतिनिधि रामचन्द्र प्रसाद यादव, जिला कृषि पदाधिकारी पप्पू कुमार, वन विभाग की प्रतिनिधि अंजली कुमारी, कृषि अभियंत्रण उपनिदेशक अरुण कुमार पासवान, वैज्ञानिक डॉ. मिथलेश कुमार राय सहित जिले के सभी कृषि पदाधिकारी, तकनीकी कर्मी एवं आत्मा के कर्मचारी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं