सुपौल। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र में लघु सिंचाई योजना के तहत स्टेट बोरिंग निर्माण को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। तीन पंचायतों में इसके लिए जमीन चिन्हित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
सीआई दशरथ मरैया और लघु सिंचाई विभाग के कनीय अभियंता पिंटू कुमार ने बताया कि छिटही हनुमान नगर, शाहपुर पृथ्वीपट्टी पंचायत एवं झिल्लाडुमरी पंचायत में दो-दो स्थानों पर स्टेट बोरिंग का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक स्थल पर लगभग तीन-तीन डिसमिल जमीन चिन्हित की गई है।
उन्होंने बताया कि स्टेट बोरिंग के तहत दो कमरों का भवन भी बनाया जाएगा। एक कमरे में बोरिंग से संबंधित मशीन स्थापित की जाएगी, जबकि दूसरे कमरे का उपयोग गार्ड के लिए किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि जमीन चिन्हित करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी गई है। योजना के क्रियान्वयन से क्षेत्र में सिंचाई सुविधा बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

कोई टिप्पणी नहीं