सुपौल। किशनपुर प्रखंड क्षेत्र के शिवपुरी पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 06 स्थित थरबिटिया स्टेशन के समीप बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमित जमीन को खाली कराया। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर बीडीओ सह प्रभारी सीओ पिंकी कुमारी के नेतृत्व में की गई।
जानकारी देते हुए बीडीओ सह प्रभारी सीओ पिंकी कुमारी ने बताया कि दिनेश यादव उर्फ मोहन यादव (पिता- स्व. राम बहादुर यादव) के नाम से वर्ष 1965 में खेसरा संख्या 605, रकबा 9 धुर जमीन केवाला के माध्यम से प्राप्त हुई थी। इस जमीन को लेकर स्व. राम बहादुर यादव द्वारा न्यायालय में टाइटल केस दायर किया गया था।
कोर्ट के आदेश के अनुपालन में अंचल अमीन देव सागर साह द्वारा जमीन की पैमाइश कराई गई, जिसमें पाया गया कि उक्त जमीन पर गंगा दास (पिता- अधिक लाल दास) द्वारा अवैध कब्जा किया गया है। प्रशासन की मौजूदगी में कब्जाधारी द्वारा बनाए गए मकान को ध्वस्त कर जमीन को पूरी तरह खाली करा लिया गया। इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण के मामलों में कोर्ट के आदेशानुसार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

कोई टिप्पणी नहीं