सुपौल। मद्यनिषेध विभाग की टीम ने बुधवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में कुल 404.360 लीटर शराब जब्त की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 05:30 बजे सूचना मिली थी कि बंगाल से अररिया के रास्ते त्रिवेणीगंज-पिपरा होते हुए एक ग्रे रंग की इकोस्पोर्ट कार (BR38AL-1769) शराब लेकर गम्हरिया (मधेपुरा) की ओर जा रही है। सूचना के आधार पर त्रिवेणीगंज, पिपरा और लिटियाही पुल के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
सुबह करीब 07:30 बजे संदिग्ध वाहन को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और छापेमारी टीम की गाड़ी को क्षतिग्रस्त करते हुए भागने लगा। इसी दौरान वाहन का अगला बायां चक्का पुल की रेलिंग से टकरा गया, जिससे टायर ब्लास्ट हो गया, बावजूद इसके चालक भागता रहा।
टीम ने पीछा करते हुए लिटियाही चौक के पास वाहन को लावारिस हालत में बरामद किया। तलाशी के दौरान डिक्की और सीटों के नीचे से कुल 404.360 लीटर शराब बरामद की गई, जिसमें 80 लीटर बीयर और 324.360 लीटर विदेशी शराब शामिल है।
जांच के दौरान वाहन से एक अन्य नंबर प्लेट (WB 68AA-6060) भी बरामद हुई है, जिससे तस्करी के नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार तस्कर की तलाश जारी है।

कोई टिप्पणी नहीं