सुपौल। घरेलू एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने जिले की गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने गंगेश्वर प्रसाद एचपी ग्रामीण वितरक के गोदाम का भी जायजा लिया तथा गैस सिलेंडरों के उठाव एवं वितरण की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान गैस एजेंसी संचालक ने जिलाधिकारी को बताया कि एजेंसी में एलपीजी गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा पिछले दो दिनों से उपभोक्ताओं को नियमित रूप से होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी सावन कुमार ने एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी एजेंसी में अनियमितता पाई गई तो संबंधित संचालक के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही जिलाधिकारी ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अनावश्यक घबराहट में गैस की पैनिक बुकिंग न करें। प्रशासन द्वारा गैस की आपूर्ति व्यवस्था सामान्य बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं