सुपौल। त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 25 स्थित डपरखा कोसी कॉलोनी चौक के समीप एनएच-327ई किनारे एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में शुक्रवार रात वज्रपात के कारण भीषण आग लग गई। इस घटना में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।
घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। बताया जाता है कि आंधी-तूफान और तेज बारिश के दौरान अचानक वज्रपात होने से दुकान में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
आग लगने से दुकान में रखे लेजर प्रिंटर, कलर प्रिंटर, पीवीसी प्रिंटर, फोटो प्रिंटर, लैपटॉप, इन्वर्टर, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर नष्ट हो गए। पीड़ित दुकान संचालक चंदन कुमार (निवासी—मयूरवा, वार्ड 5, कुशहा पंचायत) ने बताया कि वह रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसी दौरान वज्रपात से आग लग गई, जिसमें करीब 3.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद 112 पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन विभाग को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
दुकानदार को पुलिस द्वारा फोन के माध्यम से घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि उनकी दुकान का सारा सामान जलकर राख हो चुका था। इस संबंध में अंचलाधिकारी प्रियंका सिंह ने बताया कि अब तक उनके पास इस मामले में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।

कोई टिप्पणी नहीं