सुपौल। त्रिवेणीगंज प्रखंड अंतर्गत कोरियापट्टी पश्चिम पंचायत के परवाहा ग्राम में बुधवार को नौ दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा महाकुंभ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर 251 बालिकाओं द्वारा आकर्षक कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में धर्मप्रेमियों ने भाग लिया।
कलश यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। श्रद्धालुओं ने “राधे-राधे” और “हरे कृष्ण” के जयघोष से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए लोरिक विचार मंच के प्रदेश संयोजक डॉ. अमन कुमार ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा महाकुंभ कलियुग का अमृत कुंभ है, जहां शरीर नहीं बल्कि ज्ञान और संस्कार का स्नान होता है।
उन्होंने कहा कि भागवत महाकुंभ भक्ति के माध्यम से व्यक्ति निर्माण, समाज निर्माण और राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त करता है। यह केवल नौ दिनों का धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भटके हुए मानव को सही दिशा देने वाला एक आध्यात्मिक आंदोलन है। जिस प्रकार प्रयागराज में कुंभ स्नान से पाप धुलते हैं, उसी प्रकार भागवत कथा के श्रवण से मन का मैल दूर होता है।
इस आयोजन में पूर्व प्रमुख गुलाब यादव, संकल्पकर्ता पैक्स अध्यक्ष जय प्रकाश यादव एवं उनकी धर्मपत्नी रेखा देवी, राजद नेता जगदेव राम, मुखिया रामानंद यादव, चतुरानंद यादव, रूपेश कुमार यादव, बमबम यादव, राजीव कुमार, गोनर यादव, अमरेंद्र कुमार, विनोद कुमार सहित कई गणमान्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा।

कोई टिप्पणी नहीं