सुपौल। जिलाधिकारी सावन कुमार के निर्देश के आलोक में बुधवार को एनएच-327ए स्थित रेलवे आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) सरायगढ़ के बाईपास सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई सरायगढ़ बीडीओ अच्युतानंद, किशनपुर बीडीओ पिंकी कुमारी, भपटियाही थाना एवं किशनपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
बताया गया कि आरओबी के चारों ओर स्थित बाईपास सड़कों पर स्थानीय लोगों द्वारा जलावन, गेहूं का भूसा सहित विभिन्न प्रकार की सामग्रियां रखकर अतिक्रमण कर लिया गया था, जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी।
प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी अतिक्रमित सामग्रियों को हटवाया और सड़क को खाली कराया। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी कि भविष्य में बाईपास सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें।
बीडीओ अच्युतानंद ने स्पष्ट रूप से कहा कि आरओबी के चारों तरफ की सड़कों पर यदि कोई भी व्यक्ति दोबारा अतिक्रमण करते पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू हो गई है और प्रशासन ने इसे बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी की बात कही है।

कोई टिप्पणी नहीं