सुपौल। त्रिवेणीगंज प्रखंड के परसागढ़ी उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या-04 में शनिवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ। धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखा गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ यज्ञ स्थल पर जुटने लगी थी।
कथा प्रारंभ होने से पूर्व 301 कन्याओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भव्य शोभायात्रा निकाली। यह शोभायात्रा यज्ञ स्थल से शुरू होकर पंचायत के विभिन्न मार्गों, चौक-चौराहों और गलियों से होते हुए मां भगवती मंदिर पहुंची। इस दौरान जय श्रीराम, हर-हर महादेव और राधे-राधे के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मां भगवती मंदिर परिसर स्थित कुएं से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र जल कलशों में भरा गया। इसके बाद शोभायात्रा शिव मंदिर पहुंची, जहां पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की गई। तत्पश्चात सभी श्रद्धालु पुनः यज्ञ स्थल पहुंचे, जहां विधिवत पूजा-पाठ और वैदिक अनुष्ठान के साथ कथा का शुभारंभ किया गया।
आयोजन समिति ने बताया कि सात दिनों तक चलने वाली इस कथा में महिला कथावाचक साध्वी प्रियंका शास्त्री (वृंदावन) द्वारा प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, धर्म, भक्ति और मानव जीवन के आदर्श मूल्यों पर प्रकाश डाला जाएगा।
कलश यात्रा में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी रही। कथा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, बैठने और प्रकाश व्यवस्था की विशेष तैयारी की गई है। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं