सुपौल। सुपौल-अररिया एनएच-327ई पथ के प्रस्तावित चौड़ीकरण को लेकर जदिया बाजार में विरोध तेज हो गया है। रविवार को बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप पूर्व जिला परिषद सदस्य श्याम यादव के नेतृत्व में स्थानीय व्यवसायियों एवं नागरिकों ने धरना-प्रदर्शन किया।
धरना में शामिल लोगों ने कहा कि यदि सड़क चौड़ीकरण बाजार के बीच से किया गया, तो सैकड़ों दुकानें और मकान प्रभावित होंगे, जिससे हजारों लोगों की आजीविका पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। जदिया बाजार घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जहां वर्षों से लोग व्यवसाय कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि बाजार क्षेत्र में कई शैक्षणिक संस्थान और धार्मिक स्थल स्थित हैं। ऐसे में सड़क निर्माण कार्य बाजार के अंदर से होने पर सामाजिक और धार्मिक संरचनाओं पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से इस योजना पर पुनर्विचार करने की मांग की।
व्यवसायियों ने त्रिवेणीगंज की तर्ज पर जदिया में भी बायपास सड़क निर्माण की मांग उठाई, ताकि बाजार को सुरक्षित रखते हुए आवागमन को सुचारू बनाया जा सके।
धरना के दौरान जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपने की बात कही गई। साथ ही केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को भी ज्ञापन भेजकर बायपास निर्माण की मांग उठाने की जानकारी दी गई।
धरना में श्याम यादव के अलावा अमर यादव, रामचंद्र पौद्दार, सुकमार रंजन पाल, मंगल सिंह, प्रमोद सिंह, प्रकाश साह, योगेंद्र पौद्दार, दिलीप यादव सहित बड़ी संख्या में व्यवसायी, स्थानीय नागरिक एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं