सुपौल। सदर थाना क्षेत्र के चकडुमारिया गांव में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और नगदी की चोरी कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़िता गृहस्वामी लक्ष्मी देवी ने बताया कि शनिवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे। इसी दौरान देर रात चोर घर में घुस गए और अलमारी व बक्सों को खंगाल डाला। चोर सोना-चांदी के कीमती जेवरात, नगदी रुपये सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी रविवार सुबह करीब 6 बजे हुई, जब परिवार के सदस्य जागे और घर का सामान बिखरा हुआ पाया। इसके बाद तत्काल सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रामसेवक रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि थाना के नजदीक इस तरह की घटना होना गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय और आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं