सुपौल। बिहारी गुरमैता उच्च माध्यमिक विद्यालय भपटियाही के सभागार भवन में रविवार को बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ जिला शाखा सुपौल की कार्यसमिति की विस्तारित बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार ने की।
बैठक में जिले के सभी प्रखंड अध्यक्ष, प्रखंड सचिव, अनुमंडल अध्यक्ष व सचिव, जिला कार्यकारिणी समिति तथा प्रमंडलीय कार्यसमिति के सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन की वर्तमान स्थिति एवं शिथिलता पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में राज्य संघ के निर्देशानुसार बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) द्वारा नियुक्त तीनों चरण के शिक्षक-शिक्षिकाओं को सदस्यता प्रदान करने तथा पुराने सदस्यों के सदस्यता नवीनीकरण पर चर्चा की गई। इसके अलावा राज्य संघ के बकाया राशि के भुगतान, बीपीएससी से नियुक्त जिले के 77 प्रधानाध्यापकों के सम्मान में समारोह आयोजित करने, तथा पिछले दो वर्षों में कई पदाधिकारियों के जिला से बाहर चले जाने के कारण रिक्त पदों पर मनोनयन करने का निर्णय लिया गया।
साथ ही जिला मुख्यालय स्थित संघ भवन के पीछे अर्धनिर्मित भवन के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने पर भी सहमति बनी।
बैठक में जिला सचिव डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव, जिला कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार यादव, मूल्यांकन सचिव कृतयानंद प्रसाद, फुलदेव प्रसाद, पवन कुमार, कोसी प्रमंडलीय सचिव नवीन कुमार नवीन, राज्य कार्यकारिणी सदस्य अंशु आनंद, संयुक्त सचिव डॉ. पंकज कुमार, चंद्र नारायण चौधरी, कुमार त्रिपुरारी, डॉ. रामचंद्र प्रसाद यादव, हिमांशु कुमार, विनय भूषण, मनोज प्रभाकर, धीरेंद्र कुमार, ब्रह्मानंद विमल, अमरेंद्र कुमार, सुरेंद्र कुमार सरोज, सुमन सौरव, सुनील कुमार, उदय कांत, वीरेंद्र कुमार, शैलेंद्र कुमार सुधांशु सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं