सुपौल। एसएसबी 45वीं बटालियन वीरपुर के फतेहपुर बीओपी के जवानों ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए 72 लीटर नेपाली शराब जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
एसएसबी 45वीं बटालियन के कमांडेंट गौरव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि फतेहपुर बीओपी क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की संभावना है। सूचना के आधार पर एक विशेष नाका दल का गठन कर बॉर्डर पिलर संख्या 204/1 के समीप सघन निगरानी शुरू की गई।
निगरानी के दौरान जवानों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को नेपाल से भारत की ओर सिर पर बोरी लेकर आते देखा। संदेह के आधार पर उसे रोककर पूछताछ एवं तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 72 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान साहेवान निवासी परमेश्वर मुखिया के रूप में हुई है। बरामद शराब एवं आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद मध्य निषेध विभाग, सिमराही को सौंप दिया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं