सुपौल। किशनपुर थाना क्षेत्र के परसा माधो गांव वार्ड संख्या 9 में शनिवार रात करीब 8 बजे एक 17 वर्षीय युवक को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जख्मी युवक दीपक कुमार चौधरी का इलाज सुपौल के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना को लेकर घायल के पिता अशोक चौधरी ने किशनपुर थाना में आवेदन देकर गांव के ही सतन साह, प्रमोद शाह, गिरीश साह, गजेंद्र शाह, राजकुमार शाह, शंभू शाह, धीरेंद्र शाह, अनिल शाह एवं नीतीश कुमार को नामजद किया है।
आवेदन में बताया गया है कि अशोक चौधरी अपने खेत में गेहूं कटवाने का कार्य करवा रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार चार लोग हथियार के साथ वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उनके पुत्र दीपक कुमार एवं मनीष कुमार के साथ मारपीट करने लगे। इसके बाद अन्य आरोपित भी वहां पहुंच गए और सभी ने मिलकर हमला कर दिया।
आरोप है कि सतन साह ने अशोक चौधरी पर फायरिंग की, जो बाल-बाल बच गए। वहीं गजेंद्र शाह ने मनीष कुमार पर गोली चलाई, जो उसे छूते हुए निकल गई। इसके बाद प्रमोद शाह ने दीपक कुमार पर गोली चला दी, जो उसके पेट में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के दौरान आरोपियों द्वारा सोने की चेन और नगदी लूटने का भी आरोप लगाया गया है। साथ ही विरोध करने पर अशोक चौधरी के भाई संतोष चौधरी पर भी फायरिंग की गई, जिसमें वे बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों के जुटने पर आरोपी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए और पुलिस को सूचना देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
घायल दीपक को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किशनपुर ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सुपौल रेफर किया गया। परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है तथा एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इधर, एक अन्य मामले में पुलिस ने मोटरसाइकिल लूटकांड का खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि प्रतापगंज थाना क्षेत्र के तीनटोलिया निवासी सुशांत कुमार एवं प्रशांत कुमार को कड़ी मशक्कत के बाद जंगल से पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान प्रशांत कुमार के पास से एक देशी कट्टा (थ्री नट) बरामद किया गया है।
दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। डीएसपी द्वारा थाना पहुंचकर गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं